शुक्रवार, मई 18, 2012

आंखें

सरेआम न जाने क्या-क्या कह जाती हैं आंखें।
दिल की तमाम  हसरतें बया कर जाती हैं आंखें।

आंखों में सजाया है तुझको, पलकों में छिपाया,
टीस उठे दिल में, तब दवा हो जाती हैं आंखें।

जिधर देखा, नित्य बदलता मौसम देखा मैंने,
कभी पतझड़ तो कभी सावन हो जाती हैं आंखें।

उसकी चाहत को कोई आयाम न दे पायी मैं,
कुछ पल दोस्ती का साथ निभा जाती हैं आंखें।

तमाम स्याह जख्म जिस्म पर किसको दिखलाएं,
दवा बन जाती है जब जख्म सहलाती हैं आंखें।

  •  कोमल वर्मा ‘कनक’


शनिवार, मई 12, 2012

मेरा चेहरा तू पढ़ लेती...



ओ... मां मुझे बतला, तू चुप-चुप क्यूं रहती है।
दर्द छिपाकर तमाम, तू चुपचाप क्यूं सहती है।

कभी धरा सी मौन होती, कभी बन जाती समन्दर,
मिले खुशी मुझको,एक श्वांस में पर्वत चढ़ जाती है।

मेरा चेहरा तू पढ़ लेती, तमाम खुशियां गढ़ देती,
मोहताज नहीं शब्दों की फिर जिह्वा क्यूं ताकती है।

जब भी तेरा नाम लिया, बाधाओं को पार किया,
मेरे दु:ख चुरा लेती और खुशियां मुझको दे देती है।

है ममता हर पग पर, प्रथम गुरु से प्रथम मित्र तक,
हर बंधन में, हर रिश्ते में जब तू ढ़ल जाती है।

आंचल की अनुभूति से, तू अन्तर्मन सहलाए,
इक मीठा-सा अहसास तू हरपल दिलाती है।

मेरी पलकोंं के ख्वाबों को अपनाया तुमने, लेकिन,
अपनी आंखों को फिर क्यूं तू भीगा रहने देती है।

  • कोमल वर्मा ‘कनक’

शुक्रवार, मई 04, 2012

हो शिखर-सा सदृश्य


मुश्किल   में  हैं चाहत मेरी, अब नए पथ पर।
मन चाहे तुझको, वक्त कहे प्रणय का त्याग कर।

धीरज संग न टूटे रिश्ता मेरा, रहे तेरा साथ सदा,
आहिस्ता-आहिस्ता ही सही, पहुंचना है मंजिल पर।

क्यूं मौन रह गयी मैं! सुनकर बातें इस जमाने की,
रोक देती, टोक देती, न होती ग्लानी कोई, न कोई डर।


जब भी करूं मैं प्रीत, तो वह हो शिखर-सा सदृश्य,
महसूसे ही नहीं सब उसको, देख भी ले हर नजर।

त्याग से बड़ी नहीं कोई प्रीत माना मैंने ‘कनक’,
क्षितिज पर छाये वो, मेरे दिल में है जिसका घर।

  • कोमल वर्मा  ‘कनक’

रविवार, अप्रैल 29, 2012

शब्द नहीं


अभिराम है जीवन में अभिव्यक्ति।
न जाने क्यूं फिर भी यह व्यक्त नहीं।

तुम्हारे लिए अनुराग है नैनों में मेरे,
मगर मेरे होठों पर कोई शब्द नहीं।

इस धोखे की संक्षिप्तता से,
दिल मेरा प्रेम से विरक्त नहीं।


पल-प्रतिपल साया सा चाहा तुमको,
रोशनी  की  दिल में  हुकूमत नहीं।

प्यार की डोर से बुने जो रिश्ते मैंने,
क्यूं तेरे दिल में ऐसे जज्बात नहीं।

  • कोमल वर्मा  ‘कनक’

    गुरुवार, अप्रैल 19, 2012

    जुगनूओं का कारोबार है


    यह कैसा शहर है, न रात, न दोपहर है।
    चांद  तन्हा है,  धूप का भी यही हश्र है।

    इश्क से रूह का रिश्ता जुदा  है यहां,
    हर महबूब फिदा नए महबूब पर है।

    जिस्म की  सीढ़ी से उतरता है रंग सुनहरा,
    धूप के टुकड़े से मरहूम जहां आंगन हर है।

    आंखों  में उमड़ता  है दर्द  का सैलाब,
    और जिस्म पर जख्मों की भरमार है।


    भावनाओं का मोल नहीं, रोज होती तार-तार,
    अंधेरा है  चारों सूं,  जुगनूओं  का कारोबार है।
    • कोमल वर्मा कनक

    शनिवार, अप्रैल 14, 2012

    तुम भी साथ नही


    क्या करें हम शिकायत किसी से, खुदगर्ज जमाना है।
    जो महसूसे न दर्द,  क्यूं उसे अपना दर्द दिखलाना है।

    मुझको अपनी ही चीखों का शोर सुनाई देता है अक्सर,
    खोते-खोते जान लिया अब, उसको भी खो जाना है।

    मुठ्ठी में चिंगारी और जख्मों की आहट सुनी मैंने,
    कैसी जोड़ी प्रीत तुझसे , जो नश्तर सा चुभ जाना है।

    सूनी राहें, मंजिल अंजानी और तुम भी साथ नहीं,
    अपनापन पाने की चाह में मुझको चलते जाना है।

    अंजाम  की  फ्रिक  में आगाज की वेदना सही मैंने,
    पुरानी उम्मीदें छोड़नी हैं, अब नए सपने  देखना है।

    • कोमल वर्मा  ‘कनक’

    शनिवार, अप्रैल 07, 2012

    प्रीत से पोषित हो मन



    नवीन है प्रेम मेरा, दिल अधिकार चाहे।
    और अब कलियों पर है भंवरे मंडराए।
    रस्म नई है धरा की, पर क्षितिज नहीं,
    आओ हम गगन-धरा सा मिल जाएं।

    चाहा मैंने रच लूं अपने जीवन का गौरव,
    रचने में इतिहास, मुझको विश्वास नहीं।
    जीवन के शब्द सिमट जाएं पन्नों में,
    मुझको तो रही कभी ऐसी आस नहीं।


    जब मिलना हो तुमको, मुझसे इस दुनिया में,
    सदा करना तुम, सौम्य प्रणय अनुकरण।
    फिर रीत का न करना उद्भेदन तुम,
    प्रीत से पोषित हो मन, निष्ठा का वरण।


    मन की नौका जल पर स्थिर है जब,
    क्यूं खिलवाड़ करें हम दोनों लहरों से।
    मंजिल पा ही लेंगे इक दिन हम अपनी,
    राहें लाख घिरीं हों चाहे पहरों से।

    • कोमल वर्मा कनक